आध्यात्मिक संगम: दुरपा में गूंजी महाशिवपुराण की महिमा, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने लिया आशीर्वाद



कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: सर्वमंगला नगर, दुरपा में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय महाशिवपुराण कथा के पांचवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अपार जनसैलाब उमड़ा। व्यास पीठ पर विराजमान आचार्य रमाकांत महाराज ने भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण व्याख्यान किया। कथा के दौरान उन्होंने विशेष रूप से माँ काली और असुर रक्तबीज के युद्ध प्रसंग की व्याख्या की, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
भगवान भोलेनाथ जीवन हमें सादगी और त्याग का संदेश देता है : मंत्री लखन लाल देवांगन

कथा के पांचवें दिन छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सम्मिलित हुए। उन्होंने व्यास पीठ का पूजन कर महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा का श्रवण किया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने भगवान शिव की सादगी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा
भगवान भोलेनाथ के भक्त भले ही आज बड़े-बड़े महलों में रहते हों, लेकिन स्वयं महादेव पहाड़ों और एकांत में वास करते हैं। उनका जीवन हमें सादगी और त्याग का संदेश देता है।”
उन्होंने शिक्षा और संस्कारों पर जोर देते हुए आगे कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के लिए पढ़ाई जितनी महत्वपूर्ण है, धर्म और संस्कृति का ज्ञान भी उतना ही अनिवार्य है। यदि बच्चों को बचपन से ही धार्मिक ज्ञान मिलेगा, तभी उनमें एक संस्कारवान व्यक्तित्व का निर्माण हो पाएगा। मंत्री जी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महाशिवपुराण कथा जैसे आयोजनों से न केवल धर्म और संस्कृति की रक्षा होती है, बल्कि पूरे समाज का कल्याण होता है। उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि पृथ्वी पर मनुष्य के साथ-साथ असंख्य जीव-जंतु भी निवास करते हैं। भले ही वे मनुष्य की भांति कर्म न कर पाएं, लेकिन ऐसी पावन कथाओं के श्रवण से उनका भी उद्धार होता है। मंत्री लखन लाल देवांगन के साथ में कोरबा नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद भानुमति जायसवाल, पार्षद रामाधार पटेल शामिल रहे.