कोरबा में गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’, नंदी पर सवार होकर निकलेंगे बाबा भोलेनाथ
कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : धर्मधानी कोरबा में इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकालने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। काली शिव मंदिर दूरपा रोड द्वारा आयोजित यह आयोजन इस बार बेहद खास होने वाला है, जिसमें भक्ति, शक्ति और कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

नंदी पर सवार होंगे महादेव, साथ चलेगा भूतों का डेरा
आयोजन समिति के अनुसार, शिवजी की बारात सोनालिया पुल के पास स्थित शिव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ होगी। इस बारात का मुख्य आकर्षण स्वयं भगवान शिव होंगे, जो विशाल नंदी पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। उनके साथ भूत-प्रेत, राक्षस गण और अघोरियों का विशेष झुंड आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो शिव के अलौकिक स्वरूप को जीवंत करेगा।

विविध झांकियां और धमाल बैंड की गूंज
बारात में केवल शिव गण ही नहीं, बल्कि श्री राम दरबार, शनि देव, बाहुबली नरसिंह अवतार, बाहुबली हनुमान, भद्रकाली और महाकाली के विविध स्वरूपों की झांकियां भी शामिल होंगी। ‘धमाल बैंड’ की धुनों पर थिरकते भक्त और भव्य रथों पर सवार ब्रह्मा, विष्णु व महेश के दर्शन श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगे।
परंपरागत रस्मों से होगा विवाह और विशाल भंडारा
बारात विभिन्न मार्गों से होते हुए काली मंदिर (अग्रसेन भवन के पास) पहुंचेगी, जहां अद्भुत आतिशबाजी के बीच बाबा भोलेनाथ का माता पार्वती के साथ पारंपरिक रस्मों से विवाह संपन्न होगा।
कार्यक्रम की रुपरेखा
15 फरवरी को भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभा यात्रा
16 फरवरी को दोपहर 1:00 बजे से विशाल भंडारा (प्रसाद वितरण)।
16 फरवरी (शाम) शाम 7:00 बजे से सांस्कृतिक एवं अद्भुत झांकियों की प्रस्तुति।
समिति की अपील
” क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए समिति ने कहा कि वर्षों बाद बन रहे इस अद्भुत संयोग के साक्षी बनें। सभी बच्चों, युवाओं और आम जनमानस से आग्रह है कि बाबा की बारात में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें और अपने जीवन को कृतार्थ करें।”

