दिल्ली से मेरठ अब सिर्फ 55 मिनट: पीएम मोदी ने नमो भारत ट्रेन का शुभारंभ किया


INDIA. : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. पीएम मोदी ने मेरठ दक्षिण स्टेशन तक मेट्रो रेल से यात्रा की. प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे को देश को समर्पित किया. उन्होंने भारत के ‘नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम’ (आरआरटीएस) के शेष खंडों का भी उद्घाटन किया. इनमें दिल्ली में सराय काले खान और न्यू अशोक नगर के बीच का पांच किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ (दक्षिण) और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड भी शामिल है.

180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ नमो भारत देश की पहली तेज रफ्तार क्षेत्रीय ट्रेन सेवा है. नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएंगे. कॉरिडोर का पहला स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशन में से एक है. यह अहम स्टेशन ‘मल्टी-मॉडल हब’ है जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को जोड़ता है. जिन तीन अन्य स्टेशन (नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम) की शुरुआत की गई, वे मेरठ में हैं.

पीएम मोदी ने की छात्रों और अधिकारियों से बातचीत

प्रधानमंत्री ने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो यात्रा के दौरान छात्रों और अधिकारियों से बातचीत की. नमो भारत सेवा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर का हिस्सा है. इसे दिल्ली और मेरठ के बीच तेज और बेहतर पहुंच देने के लिए तैयार किया गया है.

पीएम मोदी के साथ सीएम योगी भी नजर आए

शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर पीएम मोदी के साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी नजर आए. योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि 1.45 अरब भारतीयों का जीवन सहज, सरल और सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेरठ आगमन पर हृदय से स्वागत और अभिनंदन है.

शाम 6 बजे से आम जनता के लिए शुरू होगा रैपिड रेल

दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल 22 फरवरी की शाम 6 बजे से आम जनता के लिए शुरू होने वाली है. यह भारत की सबसे तेज सेमी हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रेन होगी, जिसका इंतजार काफी दिनों से लोगों को था. इससे दिल्ली–मेरठ की दूरी एक घंटे से भी कम समय में तय होगी.