धूं-धूं कर जल उठी कार: मौत को मात देकर ड्राइवर ने बचाई जान
कोरबा | छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। कापा नवापारा (चोटिया) के जंगल के बीच एक चलती कार अचानक चलती-फिरती ‘आग का गोला’ बन गई। इस भयावह स्थिति में कार चालक ने चलती गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि कार अंबिकापुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी। सफर के दौरान जैसे ही वाहन चोटिया के पास जंगल वाले रास्ते पर पहुंचा, इंजन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
जब तक ड्राइवर कुछ समझ पाता, आग केबिन तक पहुंच चुकी थी। जान बचाने के लिए ड्राइवर ने बिना देरी किए चलती कार से छलांग लगा दी।
पेड़ से टकराकर रुकी कार
ड्राइवर के कूदने के बाद बेकाबू कार सड़क से नीचे उतरकर एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह रुक गई। कूदते वक्त ड्राइवर के कपड़ों में भी आग लग गई थी, जिसे उसने सूझबूझ से बुझाया और खुद को सुरक्षित किया।


