दीपका में एटक को झटका, एरिया और यूनिट अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कामगारों ने थामा HMS का हाथ
कोयलांचल में बड़ा सियासी फेरबदल: जीत सिंह और मनमीत सिंह की अगुवाई में दर्जनों श्रमिकों का एटक से मोहभंग
संवाददाता: राजेश कुमार साहू, दीपका
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस गेवरा-दीपका/ : कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में शनिवार को उस वक्त बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब एटक (AITUC) के कद्दावर नेताओं ने सामूहिक रूप से संगठन को अलविदा कह दिया। प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान एटक के एरिया अध्यक्ष जीत सिंह और यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह समेत करीब 70-75 कामगारों ने हिंद मजदूर सभा (HMS) की सदस्यता ग्रहण की।

रणनीति ने पलटी बाजी
इस बड़े दलबदल के पीछे HMS के यूनिट JCC राजकुमार राठौर की कुशल रणनीति को प्रमुख कारण माना जा रहा है। एटक छोड़ने वालों में सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े जैसे अनुभवी नाम भी शामिल हैं। HMS के वरिष्ठ नेता रेशम लाल यादव और तरुण राहा ने नए सदस्यों को फूल-माला और अंग वस्त्र पहनाकर संगठन में उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान एचएमएस स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य रेशम लाल यादव ने कहा:
> “मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकार ही हमारी प्राथमिकता हैं। इन नए साथियों के आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।”
वहीं, एटक छोड़कर आए जीत सिंह*ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह फैसला मजदूरों की समस्याओं के प्रभावी समाधान और व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि HMS के मंच से अब श्रमिकों की आवाज और बुलंद होगी।

एकजुटता ही ताकत : तरुण साहा
HMS के महामंत्री तरुण राहा ने संगठन की नीतियों को श्रमिक हितैषी बताते हुए सभी का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन वेलफेयर मेंबर एसडी तिवारी द्वारा किया गया। इस दौरान भारी संख्या में श्रमिक और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिससे दीपका क्षेत्र में HMS का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।


