Mumbai. सालों की चर्चाओं और कयासों के बाद आखिरकार साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चहेते कपल, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने आधिकारिक तौर पर अपनी शादी की घोषणा कर दी है। इस जोड़े ने 26 फरवरी 2026 को अपनी ‘ड्रीम वेडिंग’ की खूबसूरत तस्वीरें साझा कर प्रशंसकों को बड़ा सरप्राइज दिया।
यह शादी बेहद खास रही क्योंकि इसमें दो अलग-अलग संस्कृतियों का मिलन देखने को मिला। रश्मिका और विजय ने तेलुगु आंध्र रीति-रिवाजों और कोडवा (कूर्ग) परंपरा के अनुसार दोहरी रस्मों के साथ सात फेरे लिए।
विजय का भावुक संदेश
अपनी शादी की तस्वीरें पोस्ट करते हुए विजय ने दिल छू लेने वाली बातें लिखीं। उन्होंने बताया कि रश्मिका के बिना उन्हें अधूरापन महसूस होता था। विजय ने लिखा, ‘एक दिन, मुझे उसकी बहुत याद आई। मुझे उसकी इतनी याद आई कि मुझे लगा कि अगर वह आस-पास होती तो मेरा दिन बेहतर होता। जैसे अगर वह मेरे सामने बैठी होती तो मेरा खाना ज्यादा अच्छा लगता। जैसे अगर वह मेरे साथ वर्कआउट करती तो मेरा वर्कआउट ज्यादा मजेदार और कम सजा वाला होता। जैसे मुझे उसकी जरूरत थी, बस घर जैसा और शांति महसूस करने के लिए, चाहे मैं कहीं भी रहूं। तो, मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बना लिया।’
रश्मिका ने पति पर लुटाया प्यार
वहीं रश्मिका ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए विजय को अपना ‘पति’ कहकर दुनिया से मिलवाया। रश्मिका ने लिखा, ‘हाय मेरे प्यारों, अब आपसे मिलवाते हैं ‘मेरे पति’ को मिस्टर विजय देवरकोंडा। वो आदमी जिसने मुझे सिखाया कि सच्चा प्यार कैसा होता है, वो आदमी जिसने मुझे दिखाया कि शांति में रहना कैसा होता है। वो आदमी जिसने मुझे हर दिन कहा कि बड़े सपने देखना बिल्कुल ठीक है और लगातार मुझसे कहा कि मैं उससे कहीं ज्यादा हासिल कर सकती हूं जितना मैं सोच भी नहीं सकती। वो आदमी जिसने मुझे कभी ऐसे नाचने से नहीं रोका जैसे कोई देख नहीं रहा हो। वो आदमी जिसने मुझे दिखाया कि दोस्तों के साथ घूमना सबसे अच्छी चीज है, और यकीन मानिए मैं इस आदमी पर एक किताब लिख सकती हूं।’
अभिनेत्री ने आगे लिखा, ‘मैं वो औरत बन गई हूं जिसका मैंने हमेशा सपना देखा था, क्योंकि तुमने उसे वो बनाया जो वो आज है। मैं सच में खुशकिस्मत हूं। विज्जू, तुम्हारे लिए मेरी फीलिंग्स बताने के लिए मेरे पास हमेशा शब्द नहीं होते। मैंने हमेशा तुमसे यही कहा है। लेकिन तुम्हें पता है अचानक मेरी सारी अचीवमेंट्स, स्ट्रगल्स, खुशी, दुख, आनंद, जिंदगी, सब कुछ अब बहुत ज्यादा समझ में आने लगा है, ऐसा इसलिए है क्योंकि मेरे पास तुम हो, यह सब देख रहे हो.. इस सब का सबसे बड़ा हिस्सा हो।
रश्मिका ने आगे कहा कि वह विजय के साथ अपनी पूरी जिंदगी बिताने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने लिखा, ‘मैं तुम्हारी पत्नी बनने के लिए बहुत बहुत बहुत बहुत बहुत एक्साइटेड हूं। तुम्हारी पत्नी बनने के लिए! तुम्हारी पत्नी कहलाने के लिए, अब पूरी पार्टी का टाइम है। चलो साथ में सबसे अच्छी जिंदगी बिताते हैं। आई लव यू।’ दोनों की इन तस्वीरों और भावुक संदेशों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और फैंस इस नई जोड़ी को जमकर बधाइयां दे रहे हैं।

