कोरबा: सर्वमंगला नगर में आध्यात्म की अविरल धारा प्रवाहित होने जा रही है। वार्ड में आयोजित भव्य शिव महापुराण कथा के प्रथम दिवस पर आज भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा के विधिवत शुभारंभ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उठाया कलश
कलश यात्रा का प्रारंभ सर्वमंगला नगर स्थित छोटा दशहरा मैदान (कथा स्थल) से हुआ। इस शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में वार्ड वासी और श्रद्धालु सम्मिलित हुए। विशेष रूप से महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर, सिर पर मंगल कलश लिए कतारबद्ध होकर चल रही थीं। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की थाप पर शिव भजनों के साथ निकली इस यात्रा ने सबका मन मोह लिया।
पवित्र तट पर हुआ पूजन
कथा स्थल से शुरू होकर यह यात्रा पूरे वार्ड का भ्रमण करते हुए सर्वमंगला मंदिर घाट पहुंची। यहाँ पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ जल की पूजा की गई और विधि-विधान से कलशों में जल भरा गया। जल लेकर श्रद्धालु पुनः कथा स्थल पहुंचे, जहाँ कलशों को स्थापित कर शिव महापुराण कथा का श्रीगणेश किया गया।
भक्तिमय हुआ वातावरण
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। फूलों से सजी झांकियां और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। वार्ड वासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में यहाँ शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के जुटने की उम्मीद है। प्रथम दिवस वेदी पूजन के साथ सभी देवी देवताओं का आवाहन व पूजन कर प्रारंभ कथा आरंभ हुई।