आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश के चित्तूर में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। ये सभी बेंगलुरु से तिरुमाला दर्शन के लिए जा रहे थे।
यह भीषण हादसा आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में बेंगलुरु-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। गंगावरम मंडल के डुडापल्ली चौराहे के पास एक कार ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सभी मृतक बेंगलुरु के राजाजी नगर इलाके के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान मोहन दास, नागराज राव, कुसुमा, जयंती और पूजा के रूप में हुई है। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुमाला जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक पलामनेरु में सीमेंट उतारने के बाद कुरनूल की तरफ जा रहा था। गंगावरम के सर्किल इंस्पेक्टर रामभूपाल ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में लगता है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

