KORBA: दीवार गिरने से मजदूर की दर्दनाक मौत


कोरबा (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़)। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। काम के दौरान अचानक दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक पथरीपारा बस्ती में एक मकान का निर्माण किया जाना था। पुराने मकान की दीवार तोड़कर नया निर्माण करने की तैयारी चल रही थी। दीवार तोड़ने के काम में चार से पांच मजदूर लगे हुए थे। दीवार संकरी और कमजोर थी। तोड़ाई के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। इस दौरान एक मजदूर को भागने का मौका नहीं मिला और वह दीवार के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया ।

मृतक की पहचान नरेश कुमार मीरी (40 वर्ष) निवासी बरपाली के रूप में हुई है। नरेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। उसके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

घटना के संबंध में मृतक के छोटे भाई भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नरेश अपने साथियों के साथ पथरीपारा काम करने गया था। काम के दौरान अचानक दीवार गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।