भिवानी। हनुमान गेट क्षेत्र में बुधवार सुबह देवर ने चाकू से गोदकर अपनी भाभी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने अपना सिर दीवार में मारकर घायल कर लिया, जिसे पीजीआइ रोहतक दाखिल करवाया है। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान हनुमान गेट निवासी करीब 38 वर्षीय बबीता के रूप में हुई है। बबीता एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। बुधवार सुबह जब वह रात्रि डयूटी से लौटकर घर कार्य में लगी हुई थी तो आरोपित ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर आरोपित देवर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
जैन चौक पुलिस चौकी को दी शिकायत में हनुमान गेट निवासी मोनू कुमार ने बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र में लोहे की फैक्टरी में मजदूरी करता है। जबकि उसकी 38 वर्षीय पत्नी बबीता शहर के एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मी थी। मोनू ने बताया कि उसकी मौसी का लड़का लोहारू निवासी अमित कुमार उसकी पत्नी के फोन पर काल करता था। अमित उससे कहता था कि तुम्हारे पति को छोड़ दो और मुझसे शादी करके मेरे साथ रहो।
इसको लेकर बबीता ने ऐतराज जताया और उसे काल करने से मना कर दिया। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे वह मजदूरी करने के लिए फैक्टरी में चला गया। करीब साढ़े आठ बजे उसके बड़े बेटे हिम्मत सिंह की काल आई, जिसने कहा कि अमित ने उसकी मम्मी को चाकू से वार करके मार दिया। वह मौके पर पहुंचा तो उसकी पत्नी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिली। वहीं अमित के सिर में भी चोट लगी हुई थी।
वह दोनों को उपचार के लिए एंबुलेंस में जिला नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचा। जहां चिकित्सक ने उसकी पत्नी बबीता का मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि अमित ने उसकी पत्नी की चाकू मारकर हत्या की है।
पहले भी हो चुका विवाद
मृतका बबीता की मां ने बताया कि आरोपित अमित पहले भी उसकी बेटी के साथ झगड़ा कर चुका है। वह कई बार घर पर आया था और उससे शादी करने का दबाव भी बनाया था। इससे परेशान होकर उसकी बेटी ने करीब डेढ़ माह मामले की शिकायत पुलिस को भी दी थी। इसके अलावा आरोपित उसे घर जाकर भी तंग करता था। कई बार अस्पताल में भी विवाद कर चुका है।
दो बच्चों से छीन गया मां का आंचल
मोनू ने बताया कि वह दो बेटों का पिता है। उसका बड़ा बेटा 15 वर्षीय हिम्मत सिंह और छोटा बेटा 11 वर्षीय कृष्ण कुमार है। अचानक से हुई वारदात की वजह से दो मासूम बच्चों से मां का आंचल छीन गया। उन्होंने आरोपित के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की मांग की है।