नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़)। सोमालिया के मोगादिशु हवाई अड्डे पर तकनीकी खराबी के चलते एक यात्री विमान आपातकालीन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर पास के समुद्र तट पर जा गिरा। विमान में लगभग 50 लोग सवार थे। हताहतों की संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि विमान से यात्रियों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। सोमालिया के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक अहमद मोअलिम ने बताया कि विमान ने मोगादिशु के अदन अब्दुल्ले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और उत्तरी शहर गाल्कासियो जा रहा था, लेकिन उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद उसमें खराबी आ गई। मोअलिम ने बताया कि विमान को वापस नीचे लाने के प्रयास के दौरान, वह रनवे से भटक गया और पास के हिंद महासागर के तट पर जा गिरा। एयरलाइन स्टारस्की एविएशन ने इस घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

