धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथीडीह में आयोजित शादी के चौथिया/परघनी कार्यक्रम के दौरान मामूली धक्का-मुक्की का विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात भर की घेराबंदी और पूछताछ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालक भी संलिप्त पाए गए हैं।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एकराय होकर चंदन निषाद और तरुण ध्रुव पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंदन निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। तरुण ध्रुव सहित बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 33/26 पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित पतासाजी कर तोषण चक्रधारी (18 वर्ष 4 माह), अभिषेक पटेल (20 वर्ष), हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18 वर्ष 4 माह), ताम्रज कंवर (18 वर्ष 3 माह) और गुलाब दीवान (20 वर्ष) सभी निवासी ग्राम भोथीडीह को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

