भक्ति और संस्कृति के संगम पाली महोत्सव का हुआ भव्य समापन


भक्ति और संस्कृति के संगम पाली महोत्सव का हुआ भव्य समापन

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में पाली महोत्सव सम्पन्न

कोरबा 16 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: /छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में पावन महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर पाली में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का गरिमामय समापन समारोह संपन्न हुआ। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनउत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और सामाजिक एकता का सुंदर परिचय प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में उत्साह, भक्ति और उल्लास की मनोहारी छटा बिखरी रही।


कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि पाली महोत्सव कोरबा वासियो के लिए गौरव की बात है।


पाली का यह ऐतिहासिक महोत्सव निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती, गंगा आरती, श्रीराम आरती एवं दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसका श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। समापन दिवस पर भी आंचलिक, प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियों से दर्शको को भरपूर मनोरंजन का लाभ मिलेगा।


मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के अगुवाई में राज्य निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव भी पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाए जा रहे हैं। राज्य की निरंतर उन्नति और प्रगति के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कलेक्टर श्री दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिसके लिए उन्होंने प्रशासनिक टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।

सुगम आवागमन की दिशा में बड़ा कदम, मंत्री देवांगन ने की सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट की घोषणा

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने पाली में पर्यटन की दृष्टि से और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए पाली के शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण तथा मुख्य मार्ग से डुमरकछार शिव मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित होगी और नागरिकों को सुविधा मिलेगी।समरोह में सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत ने महोत्सव को सम्बोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर दिशा देने का संदेश है। भगवान शिव की आराधना हमें कठिनाइयों से संघर्ष करना, धैर्य रखना और आत्मबल के साथ आगे बढ़ना सिखाती है। उन्होंने कहा कि शिव अनादि और अनंत हैं—वे सदानंद स्वरूप हैं। देश के 12 ज्योतिर्लिंग भगवान शिव को एक सूत्र में बांधते हैं और यह हमारी आध्यात्मिक एकता के प्रतीक हैं। शिव की साधना व्यक्ति को विकारों से दूर कर विराट चेतना की ओर ले जाती है।

उन्होंने आमजनों को पाली महोत्सव कार्यक्रम में बॉलीवुड, छालीवुड सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति का लुत्फ उठाने के लिये कहा। सांसद श्रीमती महंत ने जिला प्रशासन और शासन की सराहना करते हुए कहा कि पाली की सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने और आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। ऐसे आयोजन हमारी विरासत, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियो से अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर को सहेजकर रखने और आने वाली पीढ़ियों तक उसे संरक्षित रूप में पहुंचाने का आह्वान किया।

समापन समारोह के अवसर पर पाली-तानाखार विधायक श्री तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली देवाधिदेव भगवान शिव और मां महिषासुर मर्दिनी की नगरी है, जिसका अपना विशिष्ट ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। यह भूमि आस्था, संस्कृति और परंपराओं से समृद्ध रही है। उन्होंने कहा कि पाली की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत गौरवशाली है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से भी परिपूर्ण है, यहां कोयला के साथ ही लिथियम का भंडार है और पावर हब के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। धार्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक दृष्टि से पाली निरंतर आगे बढ़ रहा है।
विधायक श्री मरकाम ने कहा कि ऐसे महोत्सव सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मेले का आनंद लें और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ उठाएं। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन निरंतर आगे बढ़ते हुए मंच प्रदान कर रहा है, जिससे प्रतिभाओं को अवसर मिल रहा है और नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। महोत्सव में स्थानीय, प्रादेशिक एवं बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां क्षेत्र के सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध कर रही हैं।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने समस्त क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली के प्राचीन शिव मंदिर की गरिमा, आस्था और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और सहेजने का प्रयास है। कलेक्टर ने कहा कि शासन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा पाली की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुसज्जित एवं सशक्त बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

महोत्सव के माध्यम से स्थानीय परंपराओं, कला और संस्कृति को एक सशक्त मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि कल आयोजित उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नागरिकों ने भरपूर आनंद उठाया और आज भी विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों का सभी को आनंद लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, पूर्व विधायकगण श्री पुरुषोत्तम कंवर, श्री मोहित राम केरकेट्टा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली श्री अजय जायसवाल, सरपंच केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैकरा, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, एसडीएम पाली श्री रोहित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में आमनागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में अतिथियों सहित अधिकारियों ने कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लिया।

 

समाचार एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें