मां शाकंभरी मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आगाज, निकाली गई भव्य कलश यात्रा
तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला शुरू
भरत यादव /छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस
कोरबा/ सर्वमंगला नगर, दुरपा में मरार समाज द्वारा नवनिर्मित मां शाकंभरी मंदिर के भव्य उद्घाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। तीन दिनों तक चलने वाले इस पावन आयोजन के प्रथम दिन शनिवार 21 मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली गई,



जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समाज की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों के बीच पदयात्रा की। यह यात्रा सर्वमंगला मंदिर घाट पहुंची, जहां मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरा गया। इसके पश्चात पुनः यात्रा मंदिर पहुंची, जिससे पूरा क्षेत्र ‘मां शाकंभरी’ के जयकारों से गूंज उठा।

पंडित रमाकांत जी महाराज के सानिध्य में हो रहा है पूजन पाठ
इस तीन दिवसीय आयोजन का संचालन पंडित रमाकांत जी महाराज (हरदी बाजार वाले) के सानिध्य में किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में विद्वान पंडितों द्वारा शास्त्रोक्त विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन वेदी पूजन, जलाधिवास और विशेष हवन-पूजन के साथ माता की आराधना की गई । महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को मंदिर के गर्भगृह में मां शाकंभरी की भव्य प्रतिमा की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्ण होने के पश्चात विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समाज ने सभी श्रद्धालुओं से इस धर्ममय आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। नवनिर्मित मंदिर की भव्यता और क्षेत्र में फैली आध्यात्मिक ऊर्जा को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

