T20 World Cup 2026 : इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में नेपाल को 4 रनों से हराया, आखिरी गेंद पर हुआ फैसला


SPORTS. इंग्लैंड और नेपाल के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस करीबी मुकाबला में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रनों से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया है। इस मैच में इंग्लैंड की जीत में बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों तक सभी की भूमिका काफी अहम रही। बल्लेबाजी में जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक ने अर्धशतक लगाया। वहीं गेंदबाजी में आखिरी ओवर में सैम करन ने 10 रन डिफेंड करते हुए इंग्लैंड को रोमांचक दिलाई, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इन तीनों प्लेयर्स में से किसी को भी प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला।

विल जैक्स रहे जीत के असली हीरो :  नेपाल और इंग्लैंड के बीच ये मैच पूरे 40 ओवर का हुआ और आखिरी गेंद पर इंग्लैंड को जीत मिली। इंग्लैंड की इस जीत के असली हीरो उनके स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स रहे। ऑलराउंडर विल जैक्स ने गेंद और बैट से बेहतरीन प्रदर्शन किया और इस वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने बल्ले से पहले तेज तर्रार पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में विकेट लेकर उन्होंने इंग्लैंड के लिए जीत को आसान बना दिया।

विल जैक्स ने तेज गति से बनाए 39 रन :  विल जैक्स ने बल्ले से 18 गेंद में 39 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने इस दौरान एक चौका और चार छक्के लगाए। उनके अलावा इंग्लैंड के लिए जोस बटलर ने 17 गेंद में 26 रन, जैकब बेथल ने 35 गेंद में 55 और कप्तान हैरी ब्रूक ने 32 गेंद में 53 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में इंग्लैंड को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में विल जैक्स ने अहम भूमिका निभाई।

गेंदबाजी में विल जैक्स को मिला विकेट :  विल जैक्स ने गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने दो ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया। जैक्स ने कुशल भुर्तेल को आउट किया, उन्होंने 17 गेंद में 29 रन बनाए। इस मैच में नेपाल एक वक्त जीत के करीब था। ऐसा लग रहा था कि नेपाल की टीम आसानी से मैच को अपने नाम कर लेगी। लेकिन अंत में वह 4 रन से दूर रह गए। आखिरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी, उनके बल्लेबाज सिर्फ 5 रन ही बना सके।