।कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : आम तौर पर भारी वाहन के चालकों को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है। वाहनों में आग तक लगा दी जाती है। यहां तक की ट्रक या हाईवा चालक दुर्घटना के बाद हत्थे चढ़ जाता है तो जमकर खातिरदारी की जाती है। शनिवार को इसके ठीक विपरीत हुआ। एनटीपीसी मुख्य मार्ग गोपालपुर गेट के पास बाइक को बचाने के चक्कर में राखड़ लोड भारी वाहन के चालक ने एक जोखिमभरा फैसला ले लिया। उसने ट्रेलर का स्टेयरिंग इतना घुमाया कि वाहन सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को हल्की सी चोट आई है। ट्रेलर पलटने के बाद राखड़ फैल गया। ट्रेलर बालको से राखड़ लोड कर चोटिया की ओर रवाना हुआ था। यह घटना बताती है कि सभी वाहन चालक एक जैसे नहीं होते। अचानक अगर कोई भारी वाहन के सामने ही आ जाता है तो तत्काल भारी वाहन को रोक पाना संभव नहीं है। ऐसे में छोटे वाहन चालकों को वाहन से दूरी बनाकर चलना चाहिए।



