क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, महिला का लॉकर पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित एक बैंक शाखा में है। जब बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉकर खोला गया, तो उसमें रखे गए कीमती गहने नहीं मिले। महिला ने तुरंत बैंक प्रबंधन को इसकी सूचना दी और बाद में पुलिस से भी संपर्क किया। महिला का आरोप है कि उसके लॉकर में रखे सभी सोने के आभूषण चोरी हो चुके हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में पुलिस को लॉकर के साथ किसी प्रकार की जबरन तोड़फोड़ या छेड़छाड़ के संकेत नहीं मिले हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।
पुलिस जांच में अब तक क्या सामने आया?
घटना की खबर फैलते ही अन्य लॉकर धारक भी अपने-अपने लॉकर की जांच कराने शाखा पहुंचे, लेकिन फिलहाल किसी अन्य ग्राहक ने सामान गायब होने की शिकायत नहीं की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि संबंधित लॉकर को पहले भी एक्सेस किया गया था, जिसकी जानकारी बैंक रिकॉर्ड में दर्ज है।
दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया है। अब तक की जांच में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं:-
और ये भी
- छेड़छाड़ के निशान नहीं: पुलिस के मुताबिक, लॉकर के साथ किसी भी तरह की जोर-जबरदस्ती या बाहरी तोड़फोड़ के संकेत नहीं मिले हैं।
- बाकी लॉकर सुरक्षित: बैंक के अन्य किसी भी ग्राहक ने सामान गायब होने की शिकायत नहीं की है और न ही किसी अन्य लॉकर के साथ छेड़छाड़ पाई गई।
- पुराना रिकॉर्ड: बैंक रिकॉर्ड से पता चला है कि शिकायतकर्ता के लॉकर को पहले भी एक्सेस किया गया था। पुलिस अब CCTV फुटेज और बैंक के एंट्री रजिस्टर्स को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि पिछली बार लॉकर किसने और कब खोला था।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे बैंकिंग सिस्टम की बड़ी चूक बता रहे हैं, तो कुछ इसे निजी या पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला मान रहे हैं। हालांकि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
बैंक लॉकर पर RBI के नियम क्या कहते हैं?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंक लॉकर में रखी वस्तुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बैंक की जिम्मेदारी है। यदि चोरी, डकैती या बैंक की लापरवाही से नुकसान होता है, तो बैंक को मुआवजा देना होता है। नियमों के तहत मुआवजा लॉकर के वार्षिक किराये का 100 गुना तक हो सकता है।

