कॉरपोरेट क्रिकेट लीग में कोरबा के पवन ने मारी बाजी, 4.40 लाख की बड़ी बोली के साथ हैदराबाद टीम में शामिल
ढाई लाख खिलाड़ियों के बीच छिड़ी जंग में स्पिनर पवन का चयन
कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा के खेल गलियारों में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब जिले के प्रतिभाशाली बाएं हाथ के स्पिनर (Left Hand Spinner) पवन साहनी का चयन प्रतिष्ठित भारतीय कॉरपोरेट प्रीमियर लीग (BCPL) के लिए हुआ। रविवार को नई दिल्ली के एक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हाई-वोल्टेज नीलामी प्रक्रिया में पवन को हैदराबाद की टीम ने 4 लाख 40 हजार रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
2.5 लाख खिलाड़ियों को पीछे छोड़ बनाई जगह
BCPL के चौथे सीजन के लिए चयन प्रक्रिया बेहद कठिन थी। आयोजकों ने देशभर के 21 प्रमुख शहरों में ट्रायल्स आयोजित किए थे, जिसमें लगभग 2.5 लाख खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया था। कड़े मापदंडों और ट्रायल के कई दौर के बाद महज 150 से 200 खिलाड़ी ही अंतिम नीलामी (Auction) तक पहुँचने में सफल रहे। पवन साहनी ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए न केवल नीलामी सूची में जगह बनाई, बल्कि मोटी धनराशि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
सिर्फ ‘अनसंग हीरोज’ के लिए है यह मंच
BCPL की खासियत यह है कि यह लीग पेशेवर या नामी खिलाड़ियों के बजाय उन ‘छुपे हुए हुनर’ को मौका देती है, जो कामकाजी पेशेवर (Working Professionals) हैं। लीग के कड़े नियमों के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में जिला या राज्य स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों को इसमें शामिल नहीं किया जाता है। इसका उद्देश्य उन खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये के बड़े पुरस्कार पूल वाले मंच पर लाना है, जिनका क्रिकेट के प्रति जुनून आज भी बरकरार है।
पवन की सफलता पर हर्ष
कृपार्ती प्लेइंग 11 प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित इस लीग के माध्यम से पवन अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी इस सफलता पर स्थानीय खेल प्रेमियों और परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।



