दीपका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 ठिकानों पर दबिश, 100 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ 4 गिरफ्तार


दीपका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 ठिकानों पर दबिश, 100 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ 4 गिरफ्तार

​कोरबा | छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस:  जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दीपका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने क्षेत्र के पांच अलग-अलग ठिकानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी

​जानकारी के अनुसार, दीपका पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण और विक्रय किया जा रहा है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लोटानपारा केराकछार, धुरेना और सिरकीखुर्द सहित कुल पांच संवेदनशील ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

100 लीटर शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। पुलिस ने चार कथित आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो इस अवैध कारोबार का संचालन कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

“नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। दीपका पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई एक संदेश है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा।”
पुलिस प्रशासन, कोरबा

 

समाचार एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें