CSK vs PBKS: आईपीएल 2026 के सातवें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया। चेन्नई की यह लगातार दूसरी हार है। चेन्नई के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और 210 का पहाड़ टारगेट दिया, लेकिन गेंदबाजों ने स्कोर को डिफेंड नहीं सके। पंजाब के युवा जोश, आक्रामक बल्लेबाजी और कप्तान श्रेयस अय्यर की सूझबूझ भरी पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया।
पंजाब की धमाकेदार शुरुआत
210 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। प्रियांश आर्या ने सिर्फ 11 गेंदों में 39 रन ठोककर मैच का रुख पलट दिया। उनके साथ प्रभसिमरन सिंह ने भी 34 गेंदों में 43 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए सिर्फ 4.2 ओवर में 61 रन की साझेदारी हुई, जिसने जीत की नींव रख दी।
मिडिल ऑर्डर ने संभाली कमान
ओपनर्स के आउट होने के बाद कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 36 रन बनाकर रनगति बनाए रखी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी लेते हुए 29 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने टीम को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया और दबाव पूरी तरह खत्म कर दिया।
अंतिम ओवरों में शशांक सिंह (14* रन, 6 गेंद) और मार्कस स्टोइनिस (9* रन, 3 गेंद) ने बिना कोई जोखिम लिए मैच खत्म कर दिया। पंजाब ने यह बड़ा लक्ष्य 18.4 ओवर में ही हासिल कर लिया, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।
चेन्नई की मजबूत बल्लेबाजी, लेकिन नाकाफी
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए। सरफराज खान ने भी 12 गेंदों में 32 रन बनाकर तेजी दिखाई, लेकिन यह स्कोर भी जीत के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ।
गेंदबाजी में CSK रही कमजोर
चेन्नई के गेंदबाजों ने कोशिश जरूर की, लेकिन पंजाब के बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आए। मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे रनगति पर अंकुश नहीं लगा सके।



