धनतेरस और दीपवाली पर सुरक्षा कड़ी: दीपका पुलिस ने बाजार और मुख्य चौकों पर की सघन पेट्रोलिंग
संवाददाता :राजेश कुमार साहू, दीपका
कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : प्रकाश पर्व दीपावली और धनतेरस के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखने के लिए दीपका पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। आगामी 8 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले दीपावली 6 नवंबर को संपन्न हुए धनतेरस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा दीपका क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग (गश्त) की गई।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी
थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी अपने दल-बल के साथ दीपका के मुख्य चौक, चौराहो और व्यस्त मार्केट एरिया में पैदल व वाहन पेट्रोलिंग करते नजर आए। पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी से आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का एक मजबूत भाव पैदा हुआ है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक बिना किसी भय के अपने परिवार के साथ त्योहार का आनंद उठा सके।
व्यापारियों और आम जनता से संवाद
पेट्रोलिंग के दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वे पूरी तरह निश्चिंत होकर और शांति के साथ दीपावली पर्व का आनंद लें। पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए हर पल मुस्तैद है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि दीपावली का यह पर्व हंसी-खुशी, प्रेम और भाईचारे के साथ मिलकर मनाएं। एक-दूसरे को मिठाई खिलाएं और खुशियां बांटें।
हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस द्वारा बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी पुलिस प्रशासन द्वारा चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है, और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले या मनमाने ढंग से वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

