मामूली विवाद में चली गोली, युवक घायल; पामगढ़ में दो पक्षों में झड़प, आरोपी हिरासत में


जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जब गाली गलौज के बाद गोली चलने की घटना सामने आई। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विकास नगर इलाके में स्थित हिमांशु किराना स्टोर के पास हुई घटना में कुछ समय के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने कुछ साथियों के साथ दुकान के पास पहुंचा और कथित रूप से गाली गलौज करने लगा। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने इसका विरोध करते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर और जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास और उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है। मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर मामूली विवादों के गंभीर रूप लेने की चिंता को उजागर कर दिया है।