सोनितपुर। असम के सोनितपुर जिले में रविवार देर रात एक एम्बुलेंस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात जिले में नेशनल हाइवे 15 पर ट्यूलिप टी गार्डन से एक मरीज को ले जा रही एम्बुलेंस की ट्रक से टक्कर हो गई। एम्बुलेंस में मरीज के साथ उसके परिजन भी मौजूद थे। अभी तक इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू टीम ने यातायात को बहाल भी कर दिया है।
सोनितपुर के एसएसपी बरुन पुरकायस्थ के अनुसार एंबुलेंस एक मरीज और उसके परिवार के सदस्यों को लेकर तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान ढेकियाजुली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर यह हादसा हो गया। एसएसपी ने बताया, ”छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल थे। घायलो को तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई है।’ एसएसपी ने बताया कि पुलिस और आपातकालीन सेवा कर्मी दुर्घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।



