रुपये और आभूषण भी साथ ले गई, पुलिस में शिकायत दर्ज
बेतिया। नौतन थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने शाम में अपनी बड़ी पुत्री का धूमधाम से जन्मदिन मनाया। पकवान बनाया और परिवार के सभी लोगों को खिलाया। रात करीब 11 बजे बच्चों को बिस्तर पर छोड़ प्रेमी के साथ फरार हो गई। भागने के दौरान वह घर में रखे दस हजार रुपये और आभूषण भी लेकर चली गई है।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर जब उसकी सास कमरे में गई तो विवाहिता घर में नहीं थी। मामले में फरार विवाहिता की सास ने बीते 12 जनवरी को नौतन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नौतन के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। विवाहिता की सास ने उसके प्रेमी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करगरिया वार्ड आठ निवासी मोहित कुमार पर अपहरण का आरोप लगाया है।
महिला की सास ने पुलिस को बताया है कि बीते 27 दिसंबर को उसकी 27 वर्षीय बहू ने अपनी बड़ी पुत्री का धूमधाम से जन्मदिन मनाया। खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले बन गए। रात करीब 11 बजे के बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर वह बहू के कमरे में गई तो वह नहीं थी। घर में रखे रुपये और आभूषण भी गायब थे।
महिला की सास ने बताया है कि पिछले वर्ष 23 मार्च को भी उसकी बहू अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। बाद में उसे कालीबाग से पकड़ कर घर लाया गया था। वह दोबारा अपने प्रेमी के साथ फरार हुई है।
घर में अकेली किशोरी को देख भगा ले गया युवक
दूसरी ओर, गौनाहा थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी रहस्यमय ढंग से गायब हो गई है। मामले में किशोरी की मां ने गौनाहा थाना में रामनगर थाना क्षेत्र के चरगहवा पचरुखिया निवासी नीतीश कुमार पर शादी के नीयत से बहला फुसलाकर का अपहरण करने का आरोप लगाया है।
किशोरी की मां ने पुलिस से बताया है कि आठ जनवरी की सुबह घर के लोग काम पर चले गए थे। घर पर उसकी पुत्री अकेली थी। इसी बीच आरोपी उनके घर आया और शादी की नीयत से पुत्री का अपहरण कर लिया। नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।