सड़क की बदहाली और फ्लाईओवर निर्माण में देरी: कांग्रेसियों ने इमलीछापर चौक पर किया चक्काजाम





कोरबा/कुसमुंडा: कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर स्थित इमलीछापर चौक मे वार्ड पार्षद गीता गवेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क और फ्लाईओवर के अधूरे निर्माण के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी बीच सड़क पर दरी और कुर्सियां बिछाकर बैठ गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

आवागमन पूरी तरह ठप
इस विरोध प्रदर्शन के कारण दीपका, गेवरा और बाकीमोगरा की ओर से आने वाले वाहनों को इमलीछापर चौक पर ही रोक दिया गया। वहीं, कोरबा की ओर से कुसमुंडा जाने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। स्थानीय निवासियों और राहगीरों को इस चक्काजाम के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ा रहा है। वाहन चालकों को वापस जाना पड़ रहा है.

समस्या की जड़: जर्जर सड़क और ‘खानापूर्ति’
बता दें कि कुसमुंडा मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। विशेष रूप से इमलीछापर चौक के पास लगभग 200 मीटर का हिस्सा अत्यंत जर्जर हो चुका है, जहाँ बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित प्रबंधन द्वारा इन गड्ढों को भरने के नाम पर केवल मिट्टी और गिट्टी डालकर ‘खानापूर्ति’ की जाती है, जो बारिश या भारी वाहनों के दबाव में फिर से उखड़ जाती है। जिसके कारण अक्सर इस मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
फ्लाईओवर निर्माण में ‘लेटलतीफी’
जाम का एक बड़ा कारण इमलीछापर रेलवे फाटक का बार-बार बंद होना भी है। यह फाटक हर 10 मिनट में बंद होता है, जिससे भारी वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन पिछले एक साल से काम बंद पड़ा है।

बेघर हुए लोग, पर काम अधूरा
फ्लाईओवर निर्माण के लिए इमलीछापर चौक के पास रहने वाले कई लोगों के मकान तोड़ दिए गए थे। बेघर हुए परिवारों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य तेजी से होगा, लेकिन साल भर बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पूर्व चेतावनी के बाद सड़क पर उतरे कांग्रेसी
वार्ड पार्षद श्रीमती गीता गवेल ने कुछ दिनों पूर्व ही प्रशासन को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि यदि सड़क की मरम्मत और फ्लाईओवर का काम तत्काल शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगी। प्रशासन की उदासीनता को देखते हुए आज कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया।

