कोरबा: जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मोरगा चौकी अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे के झरना मोड़ के पास रात लगभग 12 बजे दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं. घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. साथ ही एंबुलेंस को भी तत्काल बुलाया गया.
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद दोनों कारों के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. एक कार का एयरबैग खुल गया, जिससे सामने बैठे कुछ लोगों की जान बच गई. हालांकि पीछे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

