रायगढ़ कार्बन प्लांट में भीषण विस्फोट: 9 माह के मासूम सहित 8 लोग गंभीर रूप से झुलसे


रायगढ़ (खरसिया)  (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़)।: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार दोपहर टायर रिसाइक्लिंग प्रक्रिया के दौरान भीषण बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें 8-9 महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बॉयलर का ढक्कन तेज धमाके के साथ खुल गया/फट गया, जिससे भीतर भरी खौलती हुई सामग्री और गर्म भाप सीधे वहां मौजूद मजदूरों पर जा गिरी। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के लोग सहम गए।

हादसे में घायल सभी 8 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मजदूरों का शरीर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है। सबसे ज्यादा दुखद पहलू 9 माह के मासूम बच्चे का झुलसना है, जिसकी स्थिति नाजुक देखते हुए उसे तत्काल बड़े अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। शुरुआती तौर पर इसे सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही और मेंटेनेंस की कमी से जोड़कर देखा जा रहा है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि औद्योगिक क्षेत्र में छोटे बच्चे की मौजूदगी कैसे थी? पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।