T20 वर्ल्ड कप सेमी फाइनल : इंग्लैंड को मिला 254 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य, सेमीफाइनल में भारत का जलवा

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस/ न्यूज डेस्क: टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लिश खिलाड़ियों के गेंद पर रनों की ऐसी सुनामी लाई कि इंग्लिश टीम पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रही है। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अब इंग्लैंड को फाइनल में पहुंचने के लिए 12.7 की औसत से 254 रन बनाने होंगे।
सैमसन की आतिशबाजी और मध्यक्रम का प्रहार
मैच के असली हीरो एक बार फिर संजू सैमसन रहे। उन्होंने इंग्लिश आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए महज 42 गेंदों में 89 रनों की विध्वंसक पारी खेली।
सैमसन के अलावा युवा ईशान किशन ने शुरुआत में ही लय सेट कर दी थी, जिन्होंने मात्र 18 गेंदों पर ताबड़तोड़ 39 रन बटोरे। मध्यक्रम में शिवम दुबे ने अपनी ‘पावर-हिटिंग’ का जलवा दिखाते हुए 25 गेंदों पर 43 रन बनाए। पारी के अंतिम क्षणों में हार्दिक पांड्या ने ‘फिनिशर’ की भूमिका बखूबी निभाई और सिर्फ 7 गेंदों पर 21 रन ठोक कर भारत को 250 के पार पहुंचा दिया।
असहाय नजर आए इंग्लिश गेंदबाज
इंग्लैंड का कोई भी गेंदबाज आज भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम नहीं लगा सका। जोफ्रा आर्चर सबसे महंगे साबित हुए, उन्होंने 4 ओवर में 61 रन लुटाए और केवल 1 विकेट हासिल किया। विल जैक्स और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट तो लिए, लेकिन वे रनों की गति को रोकने में पूरी तरह नाकाम रहे।


