खुशियां मातम में बदलीं, नई दुल्हन को लेकर लौट रहा वाहन पलटा; एक बच्ची की मौत की खबर , कई घायल


खुशियां मातम में बदलीं, नई दुल्हन को लेकर लौट रहा वाहन पलटा; एक बच्ची की मौत की खबर , कई घायल

बांकी मोगरा/कोरबा: कोरबा जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ ससुराल जा रही नई नवेली दुल्हन के काफिले का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हृदयविदारक घटना में एक मासूम बच्ची की मौत होने की खबर है जबकि वाहन में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कसरेंगा से नई दुल्हन (गवन) को लेकर बाराती और परिजन दादर खुर्द की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास चारपहिया वाहन (क्रमांक CG 11 BJ 9084) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू

हादसे के वक्त वाहन में करीब एक दर्जन लोग सवार थे, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक थी। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि यह वाहन सोनपुरी गांव (सर्वमंगला चौकी क्षेत्र) का है, जिसे कार्यक्रम के लिए किराए पर लिया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दर्री CSP तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल बांकी मोगरा SECL अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना की खबर सुनकर पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कर भी एसईसीएल के अस्पताल पहुंचे हुए जहां घायलों का हाल-चाल जाना। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

समाचार एवं विज्ञापन संबंधित संपर्क करें…