कोरबा-कटघोरा। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा मंगलवार की सुबह सामने आया है। हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
हादसा कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे (एनएच-130) पर ग्राम केंदई के पास हुई। मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बताया जा रहा है कि एक ट्रक में कोयला और दूसरे में सीमेंट लदा हुआ था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सीमेंट से भरे ट्रक के चालक को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका और वह जिंदा जल गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-130 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा और बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। पुलिस द्वारा यातायात को बहाल करने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाके में धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

