रायपुर। दिसंबर महीने की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने के साथ ही शीतलहर चलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बढ़ती ठंड के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इन जिलों में घने कोहरे की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में एक-दो पाकेट में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इनमें प्रमुख रूप से रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिले शामिल हैं।
शीतलहर को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। खासकर दुर्ग संभाग में एक-दो स्थानों पर शीतलहर का असर देखने को मिला है। वहीं पेंड्रारोड और अंबिकापुर जैसे इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा यातायात और जनजीवन को प्रभावित कर सकता है।
मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि रात के तापमान में गिरावट जारी रहने से ठंड और बढ़ सकती है।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा, राजनांदगांव सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजनांदगांव का औसत तापमान सामान्य से करीब 1.1 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंड से बढ़ी लोगों की परेशानी
लगातार पड़ रही ठंड और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय लोगों को खासा सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

