रायपुर। CG Board Exam 2026 : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। परीक्षाओं के सुचारु और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने शिक्षकों और परीक्षा कार्य से जुड़े कर्मचारियों पर एसेंशियल सर्विस एंड मेंटेनेंस एक्ट (ESMA) लागू कर दिया है।
ESMA के तहत 15 फरवरी से 30 अप्रैल 2026 तक कोई भी शिक्षक या कर्मचारी अवकाश नहीं ले सकेगा। इस अवधि में हड़ताल, धरना, आंदोलन या कार्य बहिष्कार पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी शिक्षकों को अपने मूल पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। उपस्थिति दर्ज होने के बाद ही उनकी ई-पुस्तिका अपडेट की जाएगी।
2,514 परीक्षा केंद्र, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 2,514 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए मंडल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस वर्ष करीब 7 लाख विद्यार्थी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
ड्यूटी से इन्कार पर होगी सख्त कार्रवाई
गृह विभाग के निर्देशानुसार परीक्षा अवधि के दौरान न तो छुट्टियां स्वीकृत की जाएंगी और न ही सामूहिक अवकाश लिया जा सकेगा। यदि कोई शिक्षक या कर्मचारी परीक्षा ड्यूटी से इन्कार करता है, तो इसे कानून का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने परीक्षा संचालन, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणाम से जुड़े सभी कार्यों को अत्यावश्यक सेवा की श्रेणी में रखा है।
क्या है ESMA?
एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट, 1979 के तहत ESMA लागू होने पर अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी कार्य से इन्कार नहीं कर सकते। अधिनियम की धारा 4(1) के अनुसार कोई भी कर्मचारीपूर्ण या आंशिक हड़ताल, कार्य बहिष्कार या किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं कर सकता। नियमों का उल्लंघनदंडनीय अपराध है, जिसमें कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।