कोरबा में गूंजी शहनाई: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से 260 जोड़ों के जीवन में घुली खुशियों की मिठास
भरत यादव / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News
कोरबा, 10 फरवरी 2026 | सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण की एक अनुपम मिसाल आज कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में देखने को मिली। अवसर था मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह का, जहाँ 260 जोड़ों ने पवित्र अग्नि के फेरे लेकर एक-दूसरे का हाथ थामा।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअली दिया आशीर्वाद
इस गरिमामय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने नव-दंपत्तियों को सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह योजना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मान देने का राज्य शासन का एक संकल्प है

मंत्री लखनलाल देवांगन ने सौंपी खुशियों की सौगात
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्योग, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने वर-वधू को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। महतारी वंदन से लेकर कन्या विवाह योजना तक, हमारा लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।”

योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता (एक नज़र में)
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक नववधू को कुल ₹50,000 की सहायता दी जाती है। कन्या को चेक/बैंक ड्राफ्ट (सीधे खाते में) ₹35,000
परिधान एवं श्रृंगार सामग्री ₹7,000 विवाह आयोजन व्यय ₹8,000 कुल सहायता ₹50,000 प्रदान किए जाते हैं।

दिव्यांग और PVTG जोड़े भी हुए शामिल
इस आयोजन की सबसे खूबसूरत बात इसकी समावेशिता रही। जहाँ एक ओर 02 दिव्यांग जोड़ों ने गृहस्थ जीवन में कदम रखा, वहीं 02 विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) के जोड़ों ने भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह रचाया। यह शासन की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति का जीवंत उदाहरण बना।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
समारोह में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भी अपने विचार रखे और शासन की योजनाओं को सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान नव-दंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र और स्मृति स्वरूप छायाचित्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं हजारों की संख्या में परिजन उपस्थित रहे।
