जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़)। जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया जब एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन बारातियों के बीच जा घुसा। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बिर्रा निवासी रत्थु देवांगन के घर पेंड्रावन से बारात आई थी। रात करीब 10 बजे बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे, तभी शिवरीनारायण की ओर से आ रही तेज रफ्तार कैप्सूल गाड़ी ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों में एक पुरुष बाराती की कमर की हड्डी टूट गई है, जबकि एक महिला के सीने में गंभीर चोट आई है और दूसरी महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

