बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में गुरूवार देर रात हुए भीषण हादसे में चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कार्पियो की आमने सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ट्रेलर सीजी 11 बीडी 9044 रतनपुर की ओर से रायपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर अचानक रॉग साइड में पहुंच गया। सामने से आ रही स्कार्पियो सीजी 04 एमक्यू 4220 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रेलर एक अन्य खड़े ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। हादसे में स्कार्पियो बुर तरह पिचक गया और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, डॉयल 112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की सहायता से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला जा सका। तब तक चार लोगों की सांसे थम चुकी थी।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे 37 वर्ष निवासी कुवागांव थाना तखतपुर, विशाल लहरे 25 वर्ष, अनमोल लहरे 14 वर्ष निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव जिला मुंगेली तथा सोनू मिरी 28 वर्ष निवासी कोटा के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश रात्रे निवासी कुवागांव गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। चार लोगों की एक साथ मौत से संबंधित गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरे को गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।

