
बागपत। 13 वर्षीय किशोरी को लेकर उसके स्वजन 21 वर्षीय युवक से शादी कराने के लिए मंदिर पहुंच गए। जयमाला होने ही वाली थी कि चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम पुलिस के साथ पहुंच गई। टीम ने शादी रुकवा दी।
किसी व्यक्ति ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी कि नगर में 13 वर्षीय किशोरी की 21 वर्षीय युवक से शादी होने वाली है। युवक शुक्रवार सुबह बरात लेकर आने वाला है। जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की कोआर्डिनेटर वंदना गुप्ता और सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार टीम के साथ बताए गए मकान पर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटका देख हैरान रह गए।
सूचना देने वाले व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने बताया कि ऐन वक्त पर इनका प्लान बदल गया और गुफा वाले बाबा के मंदिर में शादी रचाने पहुंचे हैं।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम भी मंदिर पहुंची तो बाल विवाह करने की सूचना सच निकली। किशोरी तथा युवक एक-दूसरे को माला डालने वाले थे कि टीम ने पहुंचकर शादी रुकवा दी। किशोरी के पिता ने कहा कि उनकी पत्नी की कई साल पहले मौत हो गई थी।
कुछ माह से यह युवक शामली से आकर पड़ोस में किराए के मकान में रहने लगा। तब से ही उनकी बेटी इस युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी।
समझाने पर बेटी नहीं मानी तो मजबूरी में उन्हें युवक से शादी करने की हां भरनी पड़ी। वंदना गुप्ता ने बताया कि किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया, जहां से उसके पिता के सपुर्द कर दिया गया। किशोरी कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण है और युवक बाइक मैकेनिक है।

