कोरबा । “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस 24-25 मार्च की दरमियानी रात्रि गश्त की जा रही थी। रात्रि गश्त के दौरान आरक्षक भूपेन्द्र साय पैकरा एवं गगेश्वर राय को सीतामणी चौक पाईंट पर तैनात किया गया था, जहां उप निरीक्षक महासिंह धुर्वे द्वारा चेकिंग उपरांत टीम के साथ पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, रेलवे स्टेशन, इमलीडुग्गु, सोनालिया चौक, राताखार एवं तुलसीनगर क्षेत्र में गश्त की जा रही थी।
गश्त के दौरान रात्रि करीब 2:45 बजे बायपास रोड से सर्वमंगला बस स्टैंड की ओर आते समय एक संदिग्ध व्यक्ति वाशिंग मशीन को पीठ पर लादकर ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी पुलिस को देखकर वाशिंग मशीन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। आरोपी का पीछा किया गया, किन्तु वह पकड़ में नहीं आ सका।
पुलिस द्वारा उक्त वाशिंग मशीन को जप्त कर थाना लाया गया। दिनांक 25.03.2026 को जांच के दौरान राजू पटेल पिता रेशम लाल पटेल उम्र 40 वर्ष निवासी राताखार द्वारा बताया गया कि उसके घर से रात्रि करीब 2 बजे हायर कंपनी की वाशिंग मशीन (कीमत लगभग ₹15,000) तथा उसके पड़ोसी के घर से सैमसंग कंपनी का मोबाइल (कीमत लगभग ₹10,000) अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी किया गया है। बरामद वाशिंग मशीन को उसने अपना होना पहचान किया।
प्रकरण में रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 283/26 धारा 321(4), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना है। कोरबा पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

