राशन वितरण में लापरवाही पर आक्रोश, पार्षदों ने दी ‘चक्काजाम’ की चेतावनी
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: कोरबा जिले के बांकीमोंगरा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो तीन महीनों से राशन वितरण की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस समस्या को लेकर पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोलते हुए खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि शासन द्वारा मुफ्त चावल के नाम पर विज्ञापनों और पोस्टरों में करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। बांकीमोंगरा, पोंड़ी-उपरोड़ा और कोरबा शहरी क्षेत्रों में लगभग 20 से 30 फ़ीसदी लाभार्थी पिछले कई महीनों से राशन से वंचित हैं। ग्रामीण घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं। पिछले महीनों का बकाया चावल का कोटा विभाग द्वारा बंद कर दिया गया है, जिससे गरीब परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। उक्त शिकायत को लेकर नेता प्रतिपक्ष और पार्षद मधुसूदन दास, हेमंत कुमार, संदीप कुमार, विकास सिंह एवं अन्य जन्म प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पात्र हितग्राहियों को पिछले महीनों का बकाया चावल नहीं दिलाया गया, तो वे नेशनल हाईवे पर चक्काजाम आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।




