सर्वमंगला नगर में चोरों का आतंक: मोबाइल दुकान समेत तीन जगहों पर बोला धावा, नकदी और मोबाइल पार
कोरबा/सर्वमंगला नगर / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : औद्योगिक क्षेत्र के सर्वमंगला नगर में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक मोबाइल दुकान को अपना मुख्य निशाना बनाते हुए छत के रास्ते प्रवेश किया और हजारों की नकदी समेत मोबाइल फोन चोरी कर लिए। इसके अलावा चोरों ने एक गैरेज और राशन दुकान में भी चोरी का प्रयास किया।





छत फाड़कर दुकान में घुसे चोर
मिली जानकारी के अनुसार, सर्वमंगला नगर में केवल शान्तिम की मोबाइल दुकान संचालित है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग 1:00 बजे, अज्ञात चोरों ने दुकान के ऊपर लगे छप्पर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शातिर चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया। दुकान संचालक के मुताबिक लगभग 10 से 11 नग नए मोबाइल फोन के अलावा गल्ले में रखे करीब 22,000 रुपये चोर ले भागे हैं। सीसीटीवी में एक संदिग्ध नजर आया है, लेकिन चेहरा स्पष्ट नहीं होने के कारण पहचान नहीं हो पाई है।

दो अन्य दुकानों में भी सेंधमारी का प्रयास
चोरों ने केवल मोबाइल दुकान ही नहीं, बल्कि चौक पर स्थित दो अन्य प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया है. कैलाश पटेल के गैरज़ में चोरों ने छत की सीट तोड़ दी, लेकिन अंदर घुसने या बड़ा सामान ले जाने में असफल रहे। जबकि कुलदीप चंद्रा की राशन दुकान में चोरों ने दुकान के पिछले दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और राशन के कुछ अन्य सामान पर हाथ साफ किया है। संचालक फिलहाल गायब हुए सामानों की सूची तैयार कर रहे हैं।

घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची, मौके पर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी पुलिस मौके पर पहुँची। चौकी प्रभारी एएसआई विभव तिवारी ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि पुलिस टीम चोरों की तलाश में जुट गई है।
“बीती रात मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई है। चोरों ने मौका पाकर इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
विभव तिवारी, एएसआई (चौकी प्रभारी, सर्वमंगला)
इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।



