दस हजार इनामी डीजल चोर और जिलाबदर मास्टरमाइंड नवीन कश्यप 2 साथियों समेत गिरफ्तार
संवाददाता: राजेश कुमार साहू, दीपका
कोरबा/छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : पुलिस ने गेवरा और कुसमुंडा खदान क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड और ₹10,000 के इनामी जिलाबदर आरोपी नवीन कश्यप समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मास्टरमाइंड पिछले डेढ़ साल से जिला छोड़कर बाहर लुक-छिप कर रह रहा था। इस मामले में पुलिस 9 आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 की रात को थाना दीपका की पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि खदानों से डीजल चोरी करने वाले गैंग का मास्टरमाइंड नवीन कश्यप जांजगीर में छिपा हुआ है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मुख्य आरोपी नवीन कश्यप को उसके दो अन्य साथियों के साथ दबोच लिया।

घटना में प्रयुक्त 2 स्कार्पियो जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली दो स्कार्पियो गाड़ियाँ सीजी 28 पी 6555 एवं सीजी 12 बीयू 6064 जब्त की हैं। बता दें कि इस मामले में पूर्व में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2500 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया था। पकड़े गए आरोपियों में नवीन कश्यप और परमेश्वर सारथी निवासी बलगी शांतिनगर, बांकी मोंगरा कोरबा एवं सब्बीर मेमन निवासी गेवरा बस्ती, गांधी चौक, कुसमुंडा शामिल है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





