बालको का जुबली पार्क बना सामुदायिक विकास का नया केंद्र, सभी आयु वर्ग के लिए आधुनिक सुविधाएं
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: बालको द्वारा सिविक सेंटर स्थित नवनिर्मित जुबली पार्क को समुदाय के लिए समर्पित किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का नया केंद्र बनकर उभरा है। कंपनी ने इसे सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया है।

पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक खेल उपकरण, युवाओं और वयस्कों के लिए व्यायाम उपकरण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष बैठक एवं विश्राम स्थल, योग एवं ध्यान के लिए समर्पित योगा प्लेटफॉर्म तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु आकर्षक वॉकिंग ट्रैक तैयार किया गया है। हरियाली, सौंदर्यीकरण और आरामदायक सुविधाओं से युक्त यह पार्क नागरिकों को स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण प्रदान करेगा।

वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल ने बालको की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जुबली पार्क समुदाय के लिए एक अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी परियोजना है। उन्होंने कहा कि पार्क में विकसित योग प्लेटफॉर्म, आधुनिक झूले, खेल सुविधाएं और आकर्षक हरियाली सभी आयु वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचाएंगी।



