सामूहिक सहयोग की अनूठी मिसाल: दीपका वर्कशॉप परिवार ने कराया अनाथ युवक और गरीब युवती का विवाह
रिपोर्टर: राजेश कुमार साहू, दीपका
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस news : कोयलांचल क्षेत्र में सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। दीपका परियोजना के वर्कशॉप कर्मचारियों, अधिकारियों और नगरवासियों ने सामूहिक सहयोग से एक अनाथ युवक और जरूरतमंद युवती का विवाह पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया। इस पुनीत कार्य में समाज के लोगों ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया, बल्कि खुद वर-वधू पक्ष बनकर माता-पिता की भूमिका भी निभाई।

ऐसे जुड़ी रिश्तों की डोर
ओडिशा (बालासोर) निवासी रंजीत राउत बचपन में ही अपने माता-पिता को खो चुके थे। कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई पूरी करने के बाद वे एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। दीपका वर्कशॉप के इंजीनियर रघुवंश सिंह को लंबे समय से उनके विवाह की चिंता थी। इसी बीच बिहार (मुजफ्फरपुर) की एक जरूरतमंद युवती के परिवार की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों को जोड़ने की पहल की गई। वीडियो कॉल के जरिए बातचीत के बाद दोनों की सहमति से विवाह तय हुआ।

समाज बना परिवार, निभाईं सारी रस्में, विवाह को संपन्न कराने के लिए पूरा दीपका परिवार एकजुट हो गया:
सरिता रघुवंश सिंह ने वधू पक्ष का दायित्व संभाला। वहीं, क्रेन-पे-लोडर इंचार्ज नवीन सिंह क्षत्रिय, शिवचरण राठौर और बृजेश कुमार मिश्रा ने वर पक्ष की जिम्मेदारी उठाई।

प्रगति नगर निवासी ज्योति-राजेश जायसवाल दंपती ने स्वेच्छा से कन्यादान कर सामाजिक सरोकार का उदाहरण पेश किया। वर्कशॉप के कर्मचारियों और नगरवासियों ने मिलकर लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये का फंड और गृहस्थी का जरूरी सामान (कूलर, अलमारी, डबल बेड, पंखा, बर्तन आदि) जुटाया। मेहंदी, हल्दी, मंडप से लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फेरे तक की सभी रस्में धूमधाम से पूरी की गईं। इस भावुक क्षण में उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।



कार्यक्रम में संदीप मानिकपुरी, रमेश गुरुद्वान, बनवारीलाल चंद्रा, गया प्रसाद चंद्रा, जगमोहन कौशिक, शिव शंकर शुक्ला, संजय पांडे, राजेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के मुख्य सूत्रधार नवीन सिंह क्षत्रिय रहे।



