सर्वमंगला नगर में पहली ही बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल: दो दिनों की बरसात में घरों में घुसा पानी
कोरबा।छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस news : जिला मुख्यालय सहित आस-पास के क्षेत्रों में केवल दो दिनों की हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की दावों की पोल खोलकर रख दी है। अभी तो मानसून की शुरुआत है और पूरा सावन-भादों का महीना बाकी है, लेकिन पहली ही बारिश ने वार्ड सर्व मंगला नगर क्षेत्र अंतर्गत क्रमांक 61 और 62 के रहवासियों का जीना मुहाल कर दिया है।


सड़कों से बहकर सीधे घर के कमरों में घुस रहा पानी
वार्ड क्रमांक 61 और 62 से भयभीत करने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। सड़कों पर बह रहा बारिश का पानी अब लोगों के आशियानों में तबाही मचा रहा है। नालियों के उफान पर होने के कारण गंदा पानी सड़कों से बहकर सीधे लोगों के घरों और कमरों में प्रवेश कर गया है। घर का राशन, कूलर,बिस्तर और कीमती सामान पानी में संपर्क में आ रहे हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभी तो सिर्फ पहली फुहार पड़ी है, अगर आने वाले दिनों में लगातार बारिश हुई तो स्थिति भयावह हो सकती है।

लोगों ने कहा है कि मानसून से पहले नगर निगम द्वारा नालियों की जिस मुस्तैदी से सफाई की जानी थी, वह हो ना सकी जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा कई इलाकों में पानी की सही निकासी के लिए पर्याप्त नालियों का निर्माण ही नहीं कराया गया है, जिससे हर साल जलभराव की स्थिति बनती है।
जनप्रतिनिधियों से लगाई जा रही फरियाद
वार्ड वासियों ने जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है की जल्द ही समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस उपाय निकालने की जरूरत है…. उन्होंने कहा कि अभी आषाढ़ और सावन का महीना पूरा शेष है। यदि नगर निगम तुरंत युद्ध स्तर पर नालियों की सफाई और निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की, आने वाले दिनों में भाई समस्या का सामना करना पड़ेगा
ब्यूरो रिपोर्ट, कोरबा।


