लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित वार्ड क्रमांक 62 में गिरी मकान की बाउंड्री वॉल, कई मकानों में घुसा पानी
दो-तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। लगातार हो रही इस बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों, बस्तियों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की तस्वीरें सामने आ रही हैं। सड़कों पर पानी जमा होने से जहाँ राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई इलाकों में पानी लोगों के घरों तक पहुँच गया है।

बारिश के कारण ढही बाउंड्री वॉल
इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 62 से एक बड़े नुकसान की खबर सामने आई है। भारी बारिश के दबाव को न झेल पाने के कारण स्थानीय निवासी बंसी जायसवाल के मकान के पीछे स्थित बाड़ी की दो तरफ की निर्मित बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि दीवार गिरने के वक्त आस-पास कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

पीड़ित को आर्थिक चपत
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित गृहस्वामी बंसी जायसवाल ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से बिना रुके लगातार बारिश हो रही थी। पानी के लगातार रिसाव और सीलन की वजह से पीछे बाड़ी की दोनों तरफ की दीवारें कमजोर हो गईं और अचानक ढह गईं। इस हादसे के कारण तकरीबन 30 से 40 हजार रुपये का सीधा नुकसान हुआ है।

