मंडप सज चुका था, बारात भी आ गई थी… ऐन वक्त पहुंची पुलिस रुकवाया बाल विवाह
बच्चों की ज़िद के आगे झुके थे परिजन, महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम पुलिस के साथ पहुंची
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. न्यूज़: जिले में 13 साल की नाबालिग लड़की और 15 साल के नाबालिक लड़के की शादी कराई जा रही थी। परंतु ऐन वक्त पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त बाल विवाह को रुकवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, चिमनीभठा वार्ड नम्बर 14 में रहने वाले 15 साल का नाबालिग दूल्हा और 13 साल की नाबालिक दुल्हन एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों की जिद के आगे झुककर परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से उनकी शादी करने का फैसला कर लिया था। घर पर मंडप सज चुका था और गाजे-बाजे के साथ बारात भी आ चुकी थी।

इसी बीच किसी ने इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही जब टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद मेहमानों और परिजनों में हड़कंप मच गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने दोनों पक्षों को बाल विवाह के बारे में समझाया और जागरूक किया। टीम की समझाइश और कानूनी कार्यवाही के डर के बाद दोनों पक्ष शादी रोकने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन अपने-अपने घर लौट गए।



