टाटा मोटर्स के नाम पर बिक रहा था नकली यूरिया, दीपका पुलिस ने 4,240 लीटर माल के साथ आरोपी को दबोचा
दीपका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जांच अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज
संवाददाता: राजेश कुमार साहू,दीपका
दीपका /छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस NEWS / दीपका पुलिस ने नकली यूरिया बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह टाटा मोटर्स के नाम पर नकली यूरिया की बिक्री कर रहा था। मामले का खुलासा टाटा मोटर्स के जांच अधिकारी की जांच के दौरान हुआ।जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स के जांच अधिकारी को कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे यूरिया की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान कथित तौर पर नकली यूरिया बेचने वाले आरोपी को पकड़ा गया। इसके बाद जांच अधिकारी ने पूरे मामले की शिकायत दीपका पुलिस से की। शिकायत के आधार पर दीपका पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में यूरिया के डिब्बे भी बरामद किए हैं।

212 डिब्बों में मिला 4240 लीटर यूरिया
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 212 डिब्बे जब्त किए गए। प्रत्येक डिब्बे में 20 लीटर यूरिया भरा हुआ था। इस हिसाब से कुल 4240 लीटर यूरिया पुलिस ने जब्त किया है। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
टाटा मोटर्स के नाम के इस्तेमाल पर सवाल
मामले में टाटा मोटर्स के नाम का इस्तेमाल कर कथित रूप से नकली यूरिया बेचे जाने का आरोप सामने आया है। कंपनी के जांच अधिकारी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में यूरिया कहां से आया था और इसे किन स्थानों पर बेचने की तैयारी थी। इसके अलावा इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
दीपका पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नकली उत्पादों की बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जब्त सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा है। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के आधार पर अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।


