सागौन लकड़ी की तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा: घुईचुंवा के पास 15 हजार की इमारती लकड़ी लदी वेन जब्त, वाहन राजसात करने की प्रक्रिया शुरू
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने रात में गश्त के दौरान इमारती लकड़ी की अवैध तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने घुईचुंवा के पास तीन मोटे सागौन के गोलों से लदी एक सफेद रंग की वेन को जब्त कर तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। बरामद लकड़ी की कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है।

पाली परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे ने बताया कि वन अमला बारीउमराव-घुईचुंवा मुख्य मार्ग पर रात्रि गश्त पर तैनात था। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद वेन गुजरती दिखाई दी। संदेह होने पर वन कर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर 0.200 घन मीटर आयतन के कीमती सागौन के तीन मोटे गोले पाए गए।
लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज न मिलने पर टीम ने तुरंत वाहन और सागौन के गोलों को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन चालक के खिलाफ कानूनी प्रकरण तैयार कर वाहन को राजसात करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है और संबंधित दस्तावेज उच्च अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं।
रेंजर योगेश्वर बंजारे ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध तस्करी में शामिल तत्वों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।


