
सोशल मीडिया ( इंस्टाग्राम ) पर लहराया बटनदार चाकू… दहशत फैलाने के आरोप में युवक गिरफ्तार
बिलासपुर / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: सोशल मीडिया पर धारदार हथियार का प्रदर्शन कर आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वाले एक युवक को रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ी बाजार, रतनपुर निवासी निजाम अली उर्फ अश्शू नामक युवक सार्वजनिक रूप से बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी ने इस हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर भी प्रसारित किया था, जिससे क्षेत्र के नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसे तुरंत आरोपी की धरपकड़ के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नूतन चौक, बड़ी बाजार के पास घेराबंदी की और आरोपी निजाम अली उर्फ अश्शू (21 वर्ष, निवासी बड़ी बाजार, रतनपुर) को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम Arms Act के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षकj निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक आकाश डोंगरे और धनराज कुम्भकार की सराहनीय एवं प्रमुख भूमिका रही।



