दीपका नगर पालिका को कांग्रेस का अल्टीमेटम: 15 दिन में जनसमस्याएं दूर नहीं हुईं, तो होगा घेराव
संवाददाता : राजेश कुमार साहू, दीपका
कोरबा / दीपका / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र की लचर व्यवस्था और बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षदों एवं पदाधिकारियों ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। हाल ही में कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन को एक कड़ा ज्ञापन सौंपते हुए शहर की तमाम जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग उठाई है।
उठाई गईं प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से शहर में जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों के निर्माण, जलभराव की समस्या से निजात, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सुधारने और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है। इसके अलावा, पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने, नए राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के लंबित मामलों का निपटारा करने पर भी जोर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने दोटूक कहा कि शहर में चल रहे अधूरे विकास कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता से कोई समझौता न हो।

15 दिन का अल्टीमेटम
कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी देते हुए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर जनहित की इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो नगर पालिका परिषद दीपका का घेराव कर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिलीप सिंह, विशाल शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष हर्षित देवी, पार्षद अविनाश यादव, कमलेश यादव, राम जय सिंह और इस्तार अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




