दीपका-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दो घायल
संवाददाता: राजेश कुमार साहू, दीपका
दीपका/कोरबा। बीती रात 6 से 7 बजे दीपका से बिलासपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, अंधेरे में सड़क पर खड़े ट्रेलर से बाइक जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि ग्राम तिवारता निवासी बाइक सवार सुनील आर्मो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं हादसे में घायल भोलू मरकाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर से रायपुर रेफर किया गया है। तीसरे युवक मनमोहन मरकाम को मामूली चोटें आई हैं। तीनो युवक ग्राम तिवारता के निवासी हैं आमापारा से अपने घर की ओर जा रहे थे तब सामने खड़े ट्रेलर से जा टकराये
हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, किया चक्काजाम
घटना के बाद मृतक के परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मुख्य मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
चक्काजाम के दौरान ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक मुख्य सड़क के चौड़ीकरण, मार्ग पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम
चक्काजाम की सूचना पर SECL के अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि प्रदान किए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया और मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ।
बड़ा सवाल: आखिर कब सुरक्षित होगा यह मुख्य मार्ग?
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर दीपका-बिलासपुर मुख्य मार्ग की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर खड़े भारी वाहन, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट का अभाव और धूल की समस्या स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
अब देखना होगा कि SECL प्रबंधन और संबंधित प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर कब तक ठोस कदम उठाते हैं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न सहना पड़े।



